Saturday, March 4, 2017


             राष्ट्रीय विज्ञान दिवस
भारत में, 'राष्ट्रीय विज्ञान दिवस' प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को मनाया जाता है। 28 फरवरी सन् 1928 को सर चंद्रशेखर वेंकट रमन ने अपनी खोज की घोषणा की थी। सर चंद्रशेखर वेंकट रमन (सी०वी० रमन) का जन्म 7 नवम्बर, 1888 को थिरुवनेकोईल, तिरुचिराप्पल्ली, मद्रास प्रान्त में हुआ था। सी० वी० रमन ने वर्ष 1904 में बी०ए० की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया और भौतिकी विज्ञान में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वर्ष 1907 में उन्होंने एम० ए० की परीक्षा विशिष्ट योगयता के साथ उत्तीर्ण की।
सर सी० वी० रमन महान वैज्ञानिक थे। उन्होंने 'रमन इफ़ेक्ट' का अविष्कार किया। वह प्रथम भारतीय थे जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में 'नोबेल पुरस्कार' प्राप्त किया। उनकी महान उपलब्धि के लिए उन्हें अनेक उपाधियों से विभूषित किया गया।
'राष्ट्रीय विज्ञान दिवस' का उद्देश्य विज्ञान से होने वाले लाभों के प्रति समाज में जागरूकता लाना और वैज्ञानिक सोच पैदा करना है। इसी उद्देश्य से प्रति वर्ष 28 फरवरी को यह दिवस सम्पूर्ण भारत में राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्वावधान में मनाया जाता है। इस दिन विभिन्न स्कूल, कालेजों एवं विज्ञान संस्थानों में वैज्ञानिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान के क्षेत्र में विशेष योगदान एवं विज्ञान की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए अनेक पुरस्कारों की घोषणा की जाती है।
 

No comments:

Post a Comment